फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 जनपद में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार परिसर, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष 2026–2027 के लिए वृहद वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे समयबद्ध तरीके से वृक्षारोपण की तैयारियां पूरी करें। वर्ष 2026 के लिए जनपद को 40.82 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण हेतु भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर गड्ढों की खुदाई समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 के लिए 40 लाख 82 हजार 488 पौधे रोपित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है और सभी संबंधित विभागों को उनका लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने विभागों को वृक्षारोपण के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी सामने आया कि ग्राम्य विकास विभाग, राजस्व विभाग, नगर पंचायत मोहम्मदाबाद, कमालगंज व शमसाबाद, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), कृषि विभाग तथा रोडवेज विभाग द्वारा अभी तक कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित विभागों को तत्काल अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के दौरान बड़े पौधों को प्राथमिकता दी जाए, खुले नालों को टैप किया जाए और नाविकों का शीघ्र पंजीकरण कराया जाए, जिससे गंगा तटों के संरक्षण और स्वच्छता को भी मजबूती मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष का वृक्षारोपण अभियान जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया जाए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस परिणाम हासिल किए जाएं।
