फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर फर्रूखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जिसमें टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि क्षय रोग (टीबी) को जड़ से समाप्त करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और आम नागरिकों से अपील की कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाएं और समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करें।
समारोह में जिले की उन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। 3 वर्ष से अधिक समय तक टीबी मुक्त रहने वाली 8 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को गोल्ड मेडल, 2 वर्ष से अधिक समय तक टीबी मुक्त 68 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सिल्वर मेडल तथा 1 वर्ष से अधिक समय तक टीबी मुक्त 164 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को ब्रॉन्ज मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित प्रधानों की सराहना करते हुए अन्य ग्राम पंचायतों को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी 580 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाना प्रशासन का लक्ष्य है।
इसके अलावा, टीबी उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 “निश्चय मित्रों” को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि मरीजों की सक्रिय खोज, जांच और उपचार का कार्य निरंतर जारी है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने टीबी के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “निश्चय वाहन” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को टीबी से बचाव और उपचार के बारे में जागरूक करेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, ग्राम प्रधान एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
