बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन की ताजपोशी की तैयारियां हुई पूरी

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव अगले सप्ताह हो जाएगा. पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की तैयारी पूरी हो गई है. बीजेपी के संगठन चुनावों के लिए प्रभारी के लक्ष्मण और सह प्रभारियों संबित पात्रा और नरेश बंसल की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई.सूत्रों के अनुसार संभावना है कि जल्दी ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी जाए. 19 जनवरी को नामांकन भरा जा सकता है जबकि 20 जनवरी को औपचारिक रूप से नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जा सकता है. बीजेपी सूत्रों के अनुसार वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ही नामांकन भरेंगे और उन्हें औपचारिक रूप से जगत प्रकाश नड्डा की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया जाएगा. उनके लिए कई नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. इन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जैसे वरिष्ठ नेताओं के दस्तखत होंगे. साथ ही, पार्टी के एससी, एसटी और महिला नेताओं के दस्तखत से भी नामांकन पत्र दाखिल कराए जाएंगे.