लखनऊ: ग्राम प्रधानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर प्रतिनिधिमंडल की अहम वार्ता

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 दिसंबर 2025 को पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश प्रधान संगठन के माननीय अध्यक्ष श्री कौशल किशोर पाण्डेय जी के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निस्तारण हेतु माननीय मुख्यमंत्री के आवास पर जाकर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री एन. के. सिंह एवं ग्राम विकास आयुक्त श्री गौरीशंकर जी से विस्तारपूर्वक संवाद किया गया।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा नरेगा से संबंधित शेष भुगतानों को यथाशीघ्र कराए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही राजस्थान प्रदेश में कोरोना काल के दौरान हुई कार्यहानि की भरपाई के लिए ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में एक वर्ष की वृद्धि किए जाने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी प्रधानों के कार्यकाल में बढ़ोतरी किए जाने पर गंभीर चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त वर्तमान समय में ग्राम प्रधानों के उत्पीड़न पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाए जाने, तथा वर्ष 2017 से 2020 तक हुए प्रधानों के ऑडिट का पुनर्निरीक्षण न किए जाने की मांग भी रखी गई। इन प्रमुख मुद्दों के अलावा संगठन की ओर से ग्राम प्रधानों से जुड़े अनेक अन्य विषयों पर भी सार्थक विमर्श हुआ।

इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश प्रधान संगठन के महासचिव श्री दिनेशचंद्र मिश्रा, पूर्वांचल के प्रदेश प्रभारी श्री जे. पी. द्विवेदी, कार्यालय प्रभारी श्री पंकज मिश्रा, श्री गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पूर्व डीजीपी एवं वर्तमान में सुशासन विभाग का कार्य देख रहे श्री सूर्यकुमार शुक्ला जी से भी शिष्टाचार भेंट कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही राज्य कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष श्री हरिकिशोर त्रिपाठी जी से भी मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने राज्यमंत्री श्री ब्रजेश शुक्ला जी से भेंट की तथा भाजपा कार्यालय जाकर विभिन्न पदाधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस क्रम में प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री चंद्रभूषण पाण्डेय जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार सभी माननीयों से हुई मुलाकातें अत्यंत उपयोगी और सकारात्मक रहीं। वर्तमान समय में ग्राम प्रधान संगठन राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने इस सफल प्रयास के लिए नेतृत्व को साधुवाद देते हुए आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।