लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आईएएस आशीष गोयल ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर में तैनात अधीक्षण अभियंता को निलंबित कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, लगातार मिल रही शिकायतों एवं कार्यप्रणाली में अनियमितताओं को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। पावर कॉरपोरेशन चेयरमैन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में लापरवाही या सेवा में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर जांच के बाद अधीक्षण अभियंता के खिलाफ गंभीर आरोप पाए गए, जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। साथ ही उनके स्थान पर नए अधिकारी की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
आईएएस आशीष गोयल ने अधीनस्थ अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। ऐसे में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मचा हुआ है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।
