लखनऊ:उत्तर प्रदेश में 16 अगस्त को श्रद्धा व उल्लास से मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, प्रशासन ने दिए तैयारी के निर्देश

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2025 आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व प्रदेशभर में श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट, झांकियां, भजन-कीर्तन और रात्रिकालीन आयोजन आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बिजली-पानी की आपूर्ति सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रशासनिक निगरानी, विशेष रूप से CCTV कैमरों और पुलिस बल की तैनाती भी आवश्यक रूप से की जाए।

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा भी रिजर्व पुलिस लाइन्स में विशेष आयोजन किया जाता है। यहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है, जिसमें पुलिसकर्मी, उनके परिवारजन और आम नागरिक भाग लेते हैं।

शोभायात्राओं के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आयोजकों को स्थानीय प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि माइक व लाउडस्पीकर की ध्वनि मर्यादित स्तर पर रखी जाए, ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो। “यह सुनिश्चित किया जाए कि ध्वनि प्रदूषण की स्थिति न उत्पन्न हो,” मुख्यमंत्री ने कहा।

जनसामान्य से भी अपील की गई है कि वह पर्व को शांतिपूर्वक और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखते हुए मनाएं। प्रशासन और पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व न्याय, धर्म, प्रेम व भक्ति की प्रेरणा देता है। प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही व्यवस्थाएं इस महापर्व को और भी भव्य बनाने की ओर एक सार्थक प्रयास हैं।