लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में स्कूलों की पेयरिंग (School Pairing) मानक के अनुसार ही की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के साथ-साथ किसानों की समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार तय दर पर उर्वरक (फर्टिलाइज़र) उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी किसान को कालाबाज़ारी या आपूर्ति में देरी जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
ड्रोन से दहशत फैलाने वालों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने ड्रोन के अनधिकृत उपयोग को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि ड्रोन का दुरुपयोग कर आम जनता में भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। उन्होंने बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से लोगों को अफवाहों से बचने के लिए जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
अफवाहों पर नियंत्रण के लिए ग्राम सुरक्षा समितियों से संवाद
सीएम योगी ने यह भी कहा कि ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से कहा कि जनसहयोग के माध्यम से शांति व्यवस्था बनाए रखने में कोई कोताही न हो।
मुख्यमंत्री का यह निर्देश प्रदेश में सुशासन और जवाबदेही को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिक्षा, कृषि और सुरक्षा—इन तीनों क्षेत्रों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए अधिकारियों को एक बार फिर से सतर्क कर दिया गया है।
