लखनऊ:स्कूलों की बंदी और मर्जर नीति के खिलाफ ‘अपनी जनता पार्टी’ का जोरदार प्रदर्शन, विधानसभा का घेराव।

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2025 सरकारी स्कूलों की मर्जर और बंदी नीति के खिलाफ आज राजधानी लखनऊ में ‘अपनी जनता पार्टी’ ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा

सरकार की यह नीति सीधे तौर पर गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित समाज के बच्चों की शिक्षा पर हमला है। शिक्षा छीनकर सरकार इनके भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। हम यह हरगिज़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। पार्टी का आरोप है कि स्कूलों का मर्जर और बंदी ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा से वंचित करने की एक सुनियोजित साजिश है। गरीब और कमजोर वर्गों के बच्चों के लिए शिक्षा तक पहुंच पहले ही कठिन थी, अब स्कूल बंद करके सरकार उनके सपनों पर ताला लगा रही है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा, स्कूल बंद नहीं चलेंगे। अगर सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो यह आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। यह सिर्फ विरोध नहीं, वंचित समाज के हक की लड़ाई है।विधानसभा के बाहर भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

बहुजन समाज का शेर- स्वामी प्रसाद मौर्य

प्रदर्शन के अंत में समर्थकों ने एक स्वर में स्वामी प्रसाद मौर्य को “बहुजन समाज का शेर” बताते हुए उनके नेतृत्व में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। अपनी जनता पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर सरकार पीछे नहीं हटी, तो पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।