यूपी: भाजपा ने पंचायत चुनावों को लेकर बनाई रणनीति, मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

उत्तर प्रदेश सरकार में कानून मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि कोई भी व्यक्ति पंचायत चुनाव में मतदान करने से वंचित न रह जाए, इसके लिए मतदाता सूची पर विशेष ध्यान दें। पंचायत चुनाव में सबसे छोटी इकाई बीडीसी होता है लेकिन, भाजपा की नजर में बीडीसी बहुत ही महत्वपूर्ण पद है। सामान्य रूप से बीडीसी का मतलब जब तक ब्लाक प्रमुख का चुनाव न हो जाए, तब तक ही इस पर ध्यान दिया जाता है। इसके बाद इन्हें सभी भूल जाते हैं। परंतु, सरकार और पार्टी ने तय किया है कि दूसरे जनप्रतिनिधियों की तरह बीडीसी को भी महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीडीसी को भी दूसरे जनप्रतिनिधियों की तरह सम्मान देंगे।

नगर के गढ़ रोड पर दयाल रीजेंसी में बृहस्पतिवार को भाजपा द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मेरठ मंडल की बैठक आयोजित की गई। चुनाव में गाजियाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, मेरठ के पंचायत चुनाव के जिला व सह संयोजक आदि मौजूद रहे। जिन्हें कानून मंत्री बृजेश पाठक संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख और ग्राम प्रधान के चुनाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पंचायत चुनाव को पार्टी गंभीरता से ले रही है। सभी कार्यकर्ता भी इस चुनाव के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में केंद्र और प्रदेश सरकार के अलावा पार्टी स्तर पर भी कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा की।

इसी प्रकार पंचायत चुनाव जीतने के बाद लोगों की सेवा की जाएगी। प्रदेश मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता संजय राय ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण हेतु सूचना जारी कर दी गई है। इस पर सभी कार्यकर्ता ध्यान केंद्रित करें। बीएलओ से संपर्क कर इस सूची में जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें जुड़वाया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक यात्रा, कार्यकर्ताओं की ताकत है। इसलिए कार्यकर्ता इस कार्य में जुट जाएं। पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात कार्य करें। उन्होंने बताया कि जिले में संयोजक, सह-संयोजक, ब्लाक स्तर पर संयोजक व सह संयोजक और गांव स्तर व बूथ स्तर पर भी संयोजक बनाए गए हैं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बैनीवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। क्योंकि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इस कार्य में जुटा हुआ है। पूरी पार्टी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी और विरोधी दलों के द्वारा फैलाए जा रहे भ्रमों को हराया जाएगा। इस दौरान पंचायत चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक हरीश ठाकुर ने संचालन किया। इस दौरान विधायक विजयपाल आढ़ती, जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार, जिलाध्यक्ष उमेश राणा, पुनीत गोयल, मोहन सिंह, मुनेश त्यागी, प्रवीन सेठी, मनजीत सिंह आदि मौजूद रहे।