उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग ने आरक्षी (सिपाही) और उसके समकक्ष करीब 32 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती निकाली थी. इस भर्ती के नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों की आयु सीमा बढ़ाये जाने की मांग लगातार उठ रही थी. इसी बीच अब योगी सरकार ने यह मांग मानते हुए पुलिस विभाग की भर्ती में आयु सीमा में 3 साल की छूट दे दी है.
वहीं यूपी पुलिस की भर्ती में आयु सीमा में मिली 3 साल की छूट को लेकर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“प्रदेश के युवाओं का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी क्रम में यूपी पुलिस में कुल 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए 03 वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है. यह निर्णय उत्तर प्रदेश के लाखों युवाओं की आकांक्षाओं और परिश्रम के प्रति सम्मान का प्रतीक है. यूपी सरकार अपने परिश्रमी युवाओं के सपनों के साथ पूरी प्रतिबद्धता और विश्वास के साथ खड़ी है.
