सीतापुर: मिश्रिख तहसील चौराहे पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सांसद अशोक रावत व विधायक रामकृष्ण भार्गव ने 2027 चुनाव को लेकर जनता से मांगा समर्थन

मिश्रिख (सीतापुर)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को मिश्रिख तहसील चौराहे पर शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मिश्रिख से भाजपा सांसद अशोक रावत और मिश्रिख विधानसभा से विधायक रामकृष्ण भार्गव अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ गाड़ियों के काफिले में तहसील चौराहे पहुंचे।कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं विधायक ने तहसील चौराहे पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर एक बुलडोजर (जेसीबी) भी लाया गया, जिस पर कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर फोटो खिंचवाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।अपने संबोधन में सांसद अशोक रावत और विधायक रामकृष्ण भार्गव ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए आम जनता से समर्थन और सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए जनता का विश्वास और आशीर्वाद आवश्यक है।कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment