राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका में दिए गए एक बयान पर अब सियासत और चर्चाएं तेज हो गई हैं। संघ प्रमुख ने न्यूयॉर्क में आयोजित ‘वन वर्ल्ड: वन ह्यूमैनिटी फेथ लीडर्स समिट’ में कहा था कि अगर कोई हिंदू यह सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, तो वह हिंदू ही नहीं रहेगा। इस बयान पर जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से नागपुर में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि आरएसएस प्रमुख की कही बात 100 फीसदी सही है, क्योंकि सहिष्णुता (सहनशीलता) ही हिंदुत्व की आत्मा है।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सहिष्णुता का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप पर कोई हमला करे और आप खामोश रहें या चुपचाप प्रहार सहते रहें। अगर कोई हमला करता है, तो उसका डटकर मुकाबला करना और जवाब देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंदू कभी पहले हमला नहीं करता, वह हमेशा सबको साथ लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करता है। लेकिन अपनी रक्षा करना और हमलावर का विरोध करना भी हमारी संस्कृति का हिस्सा है।
