फर्रुखाबाद में 16 प्रमुख नालों का स्थलीय निरीक्षण, जल निकासी व्यवस्था संतोषजनक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2026 वर्षा ऋतु में नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के प्रभावी समाधान और सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद द्वारा 16 प्रमुख नालों का स्थलीय निरीक्षण कराया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर की गई।

अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने बताया कि नामित नोडल अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने नगर क्षेत्र के छोटे-बड़े नालों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान महबूब वक्स से बरगदियाघाट, बस स्टेशन से बरगदियाघाट, भूसामंडी से पुलमंडी, पक्का पुल से गुड़ड़ी, तलेया फजल इमाम से आईटीआई, रेलवे स्टेशन से ग्राम समपुर, बीबीगंज से करबला, पल्ला गल्ला मंडी से पक्का पुल, आईटीआई से नवाबगंज बस स्टैंड, देशराम खां से देवरामपुर रेलवे गुमटी, आवास विकास से मसेनी, भोलेपुर से नगलानी, हाथियाखाना से पुलमंडी, जाफरी से पुलमंडी तथा पीडी महिला डिग्री कॉलेज से सिविल लाइन गंगा तक के नालों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में अधिकांश नालों में वर्षा जल का प्रवाह सुचारु रूप से होता पाया गया और कहीं भी जल निकासी में कोई गंभीर अवरोध नहीं मिला। हालांकि कुछ स्थानों पर फ्लोटिंग मैटेरियल और कचरा जमा मिला, जिसे तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार सभी प्रमुख नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है और वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर किसी भी अवरोध की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों में कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें तथा नगर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Comment