फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2026 भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र ने सोमवार को कस्बा कायमगंज में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य चौराहे पर पुतला दहन किया। संगठन ने बिजली कटौती, उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
संगठन की पंचायत मोहल्ला जवाहरगंज स्थित कैंप कार्यालय में प्रताप सिंह गंगवार की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जबकि संचालन मंजेश यादव ने किया। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि कस्बे में बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है और थोड़ी-थोड़ी देर में शटडाउन कर दिया जाता है, जिससे आम जनता और किसान परेशान हैं।
किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि चेकिंग अभियान के दौरान महिलाओं को धमकाया जाता है और बिजली चोरी के मामलों में भेदभावपूर्ण कार्रवाई की जाती है। संगठन ने यह भी दावा किया कि कुछ क्षेत्रों में बिना पोल और केबल के कनेक्शन दिए गए तथा ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और नए कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली की गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बिजली विभाग मुर्दाबाद” और “जेई मुर्दाबाद” के नारे लगाए। संगठन के नगर अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत ने आरोप लगाया कि शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें जानमाल की धमकियां भी मिल रही हैं।
पंचायत में प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना, जिला महासचिव मंजेश यादव, जिला प्रभारी रामवीर जाटव, जिला उपाध्यक्ष विनीत कुमार सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी बिंदु सिंह गंगवार, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रमाकान्ती, नगर अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, समाचार लिखे जाने तक बिजली विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
