फर्रुखाबाद में “ऑपरेशन रक्षा व बाल श्रम मुक्त” अभियान चलाया गया, महिलाओं और बच्चों को किया गया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह फतेहगढ़ के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन रक्षा व बाल श्रम मुक्त” अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) टीम ने रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद तथा नगर क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान टीम ने महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी तथा बाल भिक्षावृत्ति जैसे गंभीर अपराधों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों की सूचना समय पर मिलने से बच्चों को शोषण और अपराध से बचाया जा सकता है।

जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090 (महिला पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं। टीम ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई बच्चा मजदूरी करता हुआ, भीख मांगता हुआ या संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे, तो तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें।

पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आसपास के दुकानदारों से संवाद कर उन्हें बाल संरक्षण कानूनों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए समाज की सहभागिता को आवश्यक बताया गया।

फर्रुखाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन रक्षा व बाल श्रम मुक्त” अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा और बाल अधिकारों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment