फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2026 थाना कम्पिल पुलिस ने नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थाना कम्पिल में दर्ज मुकदमा संख्या 89/2026 के तहत वांछित आरोपी राजीव कुमार पुत्र चन्द्रपाल निवासी ग्राम नौगवां, थाना कलान, जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 21 मई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना कम्पिल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता एवं वादी के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया। विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल) की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपना बयान न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितिन चौधरी, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार एवं कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
