फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन रक्षा व बाल श्रम मुक्त” अभियान के अंतर्गत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) टीम ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद एवं नगर क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आमजन, महिलाओं एवं बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। टीम ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से मजदूरी कराई जाती है, बाल विवाह कराया जा रहा हो या बच्चों की तस्करी अथवा भिक्षावृत्ति जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस का उद्देश्य समाज में बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना, बाल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान लोगों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए बाल संरक्षण संबंधी जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
