फर्रुखाबाद:प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा की, बोले— प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक डॉ. सुरभि, विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रभारी मंत्री का पौधा और ओडीओपी उत्पाद भेंट कर स्वागत करने से हुई।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के फोन का अनिवार्य रूप से उत्तर देने और नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को स्थायी एवं अस्थायी नलकूपों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत धनराशि के अनुसार नए नलकूपों की स्थापना शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को बेवर रोड पर हाईवे की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने, उद्योग विभाग एवं अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा विद्युत विभाग को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की अवधि बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि शासन को भेजे जाने वाले विद्युत आपूर्ति के आंकड़े यदि वास्तविक स्थिति से भिन्न पाए गए तो संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य इकाइयों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि रिक्त पदों की सूचना शासन को भेजी जा सके।

बैठक में सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, ग्रामीण विकास और स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला विकास अधिकारी ने विभागवार उपलब्धियों और लंबित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए ईसीसीई किट, स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखी महिलाओं को ई-पॉश मशीन, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चाबी, दिव्यांगजनों को ब्रेल किट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के प्रमाण पत्र, स्वामित्व योजना के घरौनी पत्र तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment