WTC Points Table: न्यूजीलैंड की विंडीज पर जीत से भारत को हुआ नुकसान

न्यूजीलैंड की वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में नौ विकेट से जीत से भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में नुकसान हुआ है। भारतीय टीम पांचवें से छठे स्थान पर खिसक गई है और शीर्ष दो की दौड़ में पिछड़ती जा रही है। भारतीय टीम ने डब्ल्यूटीसी के शुरुआती दो चक्र में उपविजेता रही, लेकिन पिछले सत्र में फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। टीम का डब्ल्यूटीसी 2025-27 चक्र में भी प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है जिस कारण अंक तालिका में वह शीर्ष पांच से भी बाहर हो गई है। न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट मैच में नौ विकेट से हराया। इस शानदार जीत से तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त के साथ न्यूजीलैंड की टीम तालिका में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गई। बेसिन रिवर्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में शुक्रवार को न्यूजीलैंड की बड़ी जीत के बाद डब्ल्यूटीसी की तालिका में उलटफेर देखने को मिला। न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट 18 दिसंबर से खेला जाएगा। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू जमीन पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवानी पड़ी थी जिस कारण वह डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में पाकिस्तान से भी नीचे पहुंच गया था। भारत पांचवें स्थान पर खिसक गया था, लेकिन अब न्यूजीलैंड की जीत से भी टीम को नुकसान उठाना पड़ा और वह छठे स्थान पर पहुंच गया है। पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 100 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।