महिला वर्ल्ड कप : फाइनल में ऐसी होगी भारत और दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन!

महिला वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल भारतीय महिला और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया सेमीफाइनल में इतिहास रचकर फाइनल में पहुंची है, टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की. ये महिला वनडे इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज था. 7 बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर भारतीय महिला टीम तीसरी बार वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची, जबकि साउथ अफ्रीका टीम पहली बार फाइनल खेलेगी. देखें खिताबी मैच में डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच कैसी रहने की उम्मीद है.

जेमिमा रोड्रिगेज ने जिस तरह सेमीफाइनल में 127 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई, उनसे फाइनल में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी. कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला इस टूर्नामेंट में नहीं चला है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 89 रनों की शानदार पारी खेलकर फैंस को खुश कर दिया.

प्रतिका रावल के चोटिल होने के बाद शेफाली वर्मा भारतीय स्क्वाड में शामिल की गई हैं, लेकिन सेमीफाइनल में वह सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गई थी. लेकिन फाइनल में जीतना है तो उनका और दूसरी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का चलना जरुरी होगा, दोनों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद है.

साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट पारी की शुरुआत करती हैं, इसलिए शुरुआत में उन्हें टिकने से रोकना होगा. नहीं तो वह मुसीबत बन सकती हैं, सेमीफाइनल में उन्होंने 169 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ को शुरुआत में जल्दी विकेट गिराने होंगे.

नल्लापुरेड्डी चराणी रनों पर अंकुश लगाने का अपना काम बखूभी निभाती आई हैं, दीप्ति शर्मा हालांकि सेमीफाइनल में थोड़ी महंगी साबित हुई लेकिन टूर्नामेंट में उनका ऑलराउंडर प्रदर्शन अच्छा रहा है. उनका अनुभव भी फाइनल में भारत के काम आएगा.

भारतीय महिला टीम : शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेट कीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, क्रांति गौड़, नल्लापुरेड्डी चराणी, रेणुका सिंह.

साउथ अफ्रीका महिला टीम : लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रित्स, एनी बॉश, सुने लूस, मैरिज़ेन कप्प, सिनालो जाफ्टा (विकेट कीपर), एनेरी डर्कसेन, क्लो ट्राइऑन, नदीन डी क्लर्क, आयाबांगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा.