महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से शिवसेना ठाकरे गुट और मनसे के एक साथ आने की चर्चा जोरों पर है. इसी बीच एक अहम जानकारी सामने आई है. जिसके बाद दोनों भाई एक बार फिर साथ दिखाई दे सकते हैं.
दरअसल, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को गणेशोत्सव के लिए घर बुलाया है. राज ठाकरे के घर पर हर साल डेढ़ दिन का गणपती बाप्पा विराजमान होता है. इसी वजह से उन्होंने उद्धव ठाकरे को बुलाया है.
बता दें कि कुछ दिन पहले ही राज ठाकरे कई वर्षों बाद मातोश्री पहुंचे थे, जहां उन्होंने उद्धव ठाकरे और उनके परिवार से मुलाकात की थी. उसके बाद वे बालासाहेब ठाकरे के कमरे में भी गए थे. तभी से यह चर्चा थी कि उद्धव ठाकरे राज ठाकरे के शिवाजी पार्क स्थित घर कब जाएंगे. आखिरकार अब राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को अपने घर आमंत्रित किया है. पहले राज ठाकरे दादर के शिवाजी पार्क स्थित कृष्णकुंज में रहते थे. लेकिन तीन साल पहले उन्होंने वहीं पास में बने नए निवास शिवतीर्थ में शिफ्ट किया. कला-प्रेमी होने के कारण उन्होंने इस घर को बेहद सुंदर तरीके से सजाया है. कई बड़े नेता इस नए घर पर उनसे मिलने आए, लेकिन राज और उद्धव ठाकरे के बीच दूरी होने के कारण उद्धव कभी वहां नहीं गए. अब गणेशोत्सव के मौके पर उद्धव ठाकरे पहली बार शिवतीर्थ में कदम रखेंगे.
इसी बीच, जब मनसे नेता अमित ठाकरे से पूछा गया कि क्या उद्धव ठाकरे को गणेशोत्सव के लिए बुलाया गया है, तो उन्होंने कहा था, ‘आपको सरप्राइज मिलेगा.’ हिंदी थोपने के विरोध में आवाज उठाने के बाद राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे करीब 20 साल बाद एक ही मंच पर दिखाई दिए थे. इसके बाद राज ठाकरे उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं. कई साल बाद मातोश्री आने पर शिवसैनिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.
