साउथ अफ्रीका से ऐतिहासिक हार के बाद क्या कोच पद से हटेंगे गौतम गंभीर?

साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में मिली 408 रनों की शर्मनाक हार ने भारतीय क्रिकेट में बड़ा भूचाल ला दिया है. घर में 25 साल बाद टेस्ट सीरीज गंवाने और एक ही साल में दूसरी बार क्लीन स्वीप झेलने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पर सवाल खड़े हो रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर कई दिग्गज क्रिकेटरों और एक्सपर्ट्स तक, हर तरफ गंभीर को हटाने की मांग तेज है. हालांकि इन सभी अटकलों के बीच BCCI ने अपने स्टैंड को बेहद साफ कर दिया है.

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि टीम की हार चिंताजनक जरूर है, लेकिन बोर्ड फिलहाल किसी भी तरह का बड़ा बदलाव करने के मूड में नहीं है. उन्होंने माना कि भारतीय बल्लेबाजों का घरेलू पिच पर स्पिन के खिलाफ फेल होना “आत्मा को झकझोरने वाला” है, लेकिन यह भी कहा कि फैसले बिना सोचे-समझे नहीं लिए जाएंगे. सैकिया ने बताया कि बीसीसीआई हर हार के बाद हड़बड़ी में फैसले लेने में विश्वास नहीं रखता है. उन्होंने कहा, “हमारे पास लॉन्ग-टर्म प्लान है. हार-जीत खेल का हिस्सा है. हर बार बदलाव नही करते और इस बार भी नहीं करेंगे. अगर जरूरत पड़ी, तो एक तय समय के बाद फैसले लिए जाएंगे.”

इस बयान के बाद यह लगभग साफ हो गया कि गौतम गंभीर फिलहाल कोच पद पर बने रहेंगे और टीम प्रबंधन में किसी भी तत्काल बदलाव की संभावना कम है.