घोसी उपचुनाव में कौन होगा सपा का प्रत्याशी? शिवपाल सिंह ने कर दिया ऐलान

समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश स्थित जसवंतनगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने मऊ स्थित घोसी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है. मंगलवार, 2 दिसंबर को सुधाकर सिंह के कर्म में मऊ पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि स्व. सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह ही उम्मीदवार होंगे.

शिवपाल ने कहा कि उनके (सुधाकर) के स्थान पर सुजीत काम करेंगे. हम लोगों को पूरा सहयोग और आशीर्वाद सुजीत को है. हम लोग यहां आकर इनकी मदद करेंगे. इससे पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव सपा विधायक रहे स्वर्गीय सुधाकर सिंह के पैत्रिक आवास पहुंचे. उन्होंने दिवंगत नेता को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं.

शिवपाल यादव ने स्व. सुधाकर सिंह के छोटे बेटे सुजीत सिंह की सराहना करते हुए कहा कि ‘वह अच्छा बेटा है, हम उसके साथ खड़े हैं. अपने पिता की कमी वही पूरी करेगा. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सुधाकर सिंह की आकस्मिक मृत्यु से पार्टी को बड़ा झटका लगा है.’