बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे एक बार फिर कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ में नजर आने वाली हैं. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट बनाने के लिए अनन्या पांडे अपने को-एक्टर कार्तिक आर्यन के साथ जमकर मेहनत कर रही हैं. इंटरव्यू से लेकर फैंस के बीच जाकर दोनों फिल्म का जोर-शोर से प्रमोशन कर रहे हैं.
इसी सिलसिले में वो अमिताभ बच्चन के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी पहुंचे. यहां दोनों ने हॉट सीट पर बैठकर बिग बी के सवालों का जवाब दिया और शो से जुड़े अपने खास अनुभव भी शेयर किए. शो के बीच अमिताभ बच्चन की एक बात ने अनन्या पांडे को भावुक कर दिया. उनकी बातें सुनकर एक्ट्रेस की आंखें नम हो गईं. उस वीडियो में देख सकते हैं कि केबीसी के मंच पर बिग बी उनकी खुलकर तारीफ कर रहे हैं. बिग बी कहते हैं- ‘इनकी एक फिल्म है केसरी (चैप्टर 2). इसमें बहुत बड़े-बड़े कलाकार थे और सभी ने शानदार काम किया. लेकिन इतने अनुभवी कलाकारों के बीच रहते हुए भी अनन्या ने अपना किरदार बेहद खूबसूरती से निभाया.’
