फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी फर्रूखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में ब्लॉक बढ़पुर में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा ग्राम प्रधानों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इस बैठक में 23 ग्राम प्रधानों ने प्रतिभाग किया।
अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर पंचायती राज विभाग के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। ग्राम प्रधानों को ग्राम सड़क सुरक्षा समिति के अंतर्गत अपने-अपने ग्राम का “सड़क सुरक्षा अग्रदूत” घोषित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
एआरटीओ-प्रवर्तन ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद फर्रूखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि वर्ष 2024 में 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मृत्यु हुई थी। इस प्रकार दुर्घटनाओं में 25.64 प्रतिशत एवं मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हिट एंड रन मामलों में भी वर्ष 2025 में बढ़ोतरी हुई है।
बैठक में “नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” अभियान, राह-वीर योजना एवं हिट एंड रन मोटर दुर्घटना मुआवजा योजना-2022 की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपने गांवों में सड़क सुरक्षा बैठकें आयोजित करें, ओवरलोडिंग रोकें, हेल्मेट के प्रयोग, गति नियंत्रण, नशे में वाहन न चलाने तथा मोबाइल का उपयोग न करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करें। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रालियों में रिफ्लेक्टिव टेप एवं रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और जनपद फर्रूखाबाद को दुर्घटना मुक्त बनाने का आह्वान किया
