गूगल सर्च 2025 की लिस्ट सामने आ गई है, पता चल गया है कि इस साल किन खिलाड़ियों का जलवा रहा. वैभव सूर्यवंशी भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले खिलाड़ी रहे तो वहीं पाकिस्तान में अभिषेक शर्मा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से ज्यादा सर्च किए गए.
वैभव सूर्यवंशी ने 2025 में आईपीएल डेब्यू किया, तब भारत में सभी उनकी उम्र, उनके बारे में जानने के लिए गूगल सर्च कर रहे थे. टूर्नामेंट में भी उनका जलवा देखने को मिला. 14 साल की उम्र में वह भारत के लिए सबसे तेज आईपीएल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने. इसके बाद उनका अंडर-19 दौरा भी चर्चा में रहा, जहां उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े और बनाए. इसका नतीजा गूगल सर्च में भी देखने को मिला, वह भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले रहे.
साल 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 4 अंतर्राष्ट्रीय मैच हुए, इनमें एक चैंपियंस ट्रॉफी और 3 एशिया कप में हुए. एशिया कप में अभिषेक ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों में 110 रन बनाए. सुपर-4 मैच में तो उन्होंने 74 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी, उनकी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से बहस भी हुई थी. शायद यही कारण हो सकता है कि वह पाकिस्तान में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले एथलीट बने. लिस्ट में दूसरे नंबर पर हस्सन नवाज हैं.
