क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त होने के बेहद करीब है. आईसीसी पुरुष अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 जनवरी से हो रहा है. पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे. जिसमें भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम की भिड़ंत संयुक्त राज्य अमेरिका अंडर 19 क्रिकेट टीम के साथ है. वहीं दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे की अंडर 19 क्रिकेट टीम स्कॉटलैंड की अंडर 19 क्रिकेट टीम का सामना करेगी. तीसरे मुकाबले में तंजानिया अंडर 19 क्रिकेट टीम की भिड़ंत वेस्टइंडीज की अंडर 19 क्रिकेट टीम के साथ है. भारतीय फैंस की निगाहें भारत और अमेरिका के बीच बुलावायो में खेले जाने वाले मुकाबले पर टिकी हुई हैं. पहले मुकाबले में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला चलता है तो वह विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे.
दरअसल, विराट कोहली ने भारतीय टीम की तरफ से यूथ वनडे में 2006 से 2008 के बीत कुल 28 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस बीच वह 25 पारियों में 46.57 की औसत से 978 रन बनाने में कामयाब रहे. वहीं वैभव ने यहां 2024 से खबर लिखे जाने तक 18 पारियों में 973 रन बना लिए हैं. कल (15 जनवरी) के मुकाबले में वह छह रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो वह कोहली को पछाड़ देंगे.
