यूपी: बीजेपी विधायक डॉक्टर श्याम बिहारी लाल का निधन

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का आज शुक्रवार (2 जनवरी, 2026) को हार्ट अटैक से निधन हो गया है. बीजेपी विधायक को सर्किट हाउस में तबियत बिगड़ने पर निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने श्याम बिहारी को मृत घोषित किया. श्याम बिहारी दो बार से फरीदपुर विधानसभा सीट से विधायक थे. उन्होंने एक दिन पहले ही अपने कार्यकर्ताओं के साथ जन्मदिन मनाया था.

फरीदपुर से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन की खबर से राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली स्थित सर्किट हाउस में मौजूद थे. इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई. वहीं मौके पर मौजूद अधिकारियों और सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में उन्हें शहर के मेडिसिटी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया.