इस दिग्गज खिलाड़ी पर टूटा दुखों का पहाड़, 13 साल के छोटे भाई का निधन

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सिकंदर रजा के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है. रजा के छोटे भाई मोहम्मद महदी का 13 साल की उम्र में निधन हो गया है. इस खबर से न सिर्फ जिम्बाब्वे क्रिकेट बल्कि पूरी क्रिकेट दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है. जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद घटना की पुष्टि की. बोर्ड ने बताया कि मोहम्मद महदी का निधन 29 दिसंबर 2025 को हरारे में हुआ. वह जन्म से ही हीमोफीलिया नाम की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और हाल ही में स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनका देहांत हो गया. 30 दिसंबर को हरारे के वॉरेन हिल्स कब्रिस्तान में उन्हें अंतिम विदाई दी गई.

जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा, “जिम्बाब्वे क्रिकेट, अपने टी20 कप्तान सिकंदर रजा और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है. इस मुश्किल समय में बोर्ड, खिलाड़ी और स्टाफ रजा परिवार के साथ खड़े हैं. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि परिवार को यह दुख सहने की शक्ति मिले और मोहम्मद महदी की आत्मा को शांति मिले.”