प्राथमिक विद्यालय कलापुर पहुंची, शैक्षणिक अवलोकन करने टीम
रिठौरा । प्राथमिक विद्यालय कलापुर में शनिवार को लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की टीम ने शैक्षणिक भ्रमण कर विद्यालय की शिक्षण गतिविधियों एवं कक्षा-कक्ष में संचालित शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए वहां की सभी गतिविधियों को परखा,इस दौरान संस्था के संस्थापक एवं डायरेक्टर डॉ. धीर जिंगरान, उत्तर प्रदेश के स्टेट प्रोग्राम लीड मोहम्मद इकबाल खान, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीड मोहम्मद आरिफ ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ बैठकर शिक्षण गतिविधियों को नजदीक से देखा।
टीम ने शिक्षिकाओं शोभना सक्सेना, दीपाली सक्सेना की कक्षाओं में बैठकर उनकी शिक्षण कार्यप्रणाली, शिक्षण-अधिगम सामग्री , शिक्षक संदर्शिका के प्रभावी उपयोग तथा बच्चों की सहभागिता का बारीकी से अवलोकन किया। टीम ने बच्चों के साथ संवाद कर उनके आत्मविश्वास, सीखने की क्षमता और कक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी परखा।
अवलोकन के दौरान टीम के सदस्यों ने दोनों शिक्षिकाओं की उत्कृष्ट शिक्षण शैली, बच्चों के प्रति सहज एवं आत्मीय व्यवहार, सकारात्मक कक्षा-कक्ष वातावरण तथा विद्यार्थियों के आत्मविश्वास की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बच्चों को सहज, रोचक एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में सीखने के अवसर उपलब्ध कराना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
टीम ने शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए उपयोगी सुझाव भी साझा किए। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यालय में संचालित शिक्षण गतिविधियों को समझना, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहित करना तथा बच्चों के भाषा एवं अधिगम कौशल को और बेहतर बनाने की दिशा में सहयोग प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर एआरपी सौरभ शुक्ला, मुनब्बर अब्दुल्लाह, शबनम जैदी, प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्रा, भावना मौर्या एवं राकेश यादव, मलका उपस्थित रहे।
लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की टीम के इस भ्रमण से विद्यालय परिवार का उत्साहवर्धन हुआ तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को और बल मिला। भविष्य में ऐसे ही छात्र -छात्राओं के शैक्षणिक कार्यों को रोचकता पूर्ण करने का संस्थापक श्री जिंगरान ने आह्वान किया।