तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार पर सरकारी पैसे के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए जनता के 6.17 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और यह फैसला व्यक्तिगत सुविधा के लिए लिया गया है।
नागेंद्रन ने सूचना के अधिकार के तहत सामने आए एक सरकारी दस्तावेज का हवाला देते हुए कहा कि नमक्कल कविग्नर मालिगई की 10वीं मंजिल पर मुख्यमंत्री कार्यालय को शिफ्ट करने और इससे जुड़े कामों के लिए 6.17 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। नागेंद्रन ने कहा कि जब फोर्ट सचिवालय में पहले से पर्याप्त सुविधाएं मौजूद हैं, तो अस्थायी तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय को शिफ्ट करने पर करोड़ों रुपये खर्च करने का क्या औचित्य है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि एक तरफ 1,200 करोड़ रुपये की लागत से नया सचिवालय बनाने की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ अस्थायी कार्यालय के लिए इतनी बड़ी रकम क्यों खर्च की जा रही है।
