एक एविएशन कंपनी ने गांधीनगर कोर्ट में बॉलीवुड अदाकारा नोरा फतेही के खिलाफ तीन करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी के चलते कंपनी की साख को भारी नुकसान पहुंचा है। कंपनी के मुताबिक नोरा ने पोस्ट में कंपनी के चार्टर्ड विमान को ‘लेगो एयरप्लेन’ कहा था, जिससे छवि को नुकसान हुआ है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत इस मामले की सुनवाई 25 सितंबर को करेगी। ड्यून्स एविएशन की ओर से दायर मुकदमे के अनुसार, नोरा फतेही ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई-जयपुर उड़ान के दौरान सेसना साइटेशन CJ2 विमान के अंदर वीडियो रिकॉर्ड किए। इन वीडियो में उन्होंने विमान को छोटा’, ‘खिलौना’ और ‘लेगो हवाई जहाज’ बताया। वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया। कंपनी का आरोप है कि सोशल मीडिया पर 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वाली अभिनेत्री के ‘लापरवाही भरे’ बयानों की वजह से बुकिंग कैंसिल हुईं और कंपनी के कमर्शियल कामकाज को भारी नुकसान पहुंचा। इस साल अप्रैल में दायर किए गए मुकदमे में कहा गया है कि नोरा फतेही के बयान गैर-जिम्मेदाराना और बिना किसी तकनीकी जानकारी, पुष्टि या तथ्यात्मक आधार के दिए गए थे।
