जापान क्रिकेट एसोसिएशन ने सोमवार (07 सितंबर) को भारत के खिलाफ होने वाले इकलौते ऐतिहासिक टी20 मुकाबले के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है. यह पहला मौका होगा कि जब भारत और जापान के बीच टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने 04 सितंबर को बताया था कि भारतीय टीम जापान के खिलाफ मुकाबला 22 सितंबर (मंगलवार) को खेलेगी.
बीसीसीआई की रिलीज में बताया गया था कि भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत के लिए दोनों देशों की पुरुष टीमें एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी. सुजुकी कप का मुकाबला तोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. इस मैच के लिए जापान क्रिकेट ने केंडेल कादोवाकी-फ्लेमिंग को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है.
भारत के खिलाफ टी20 मैच के लिए 15 सदस्यीय जापान की टीम
केंडेल कादोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिंज, बेंजामिन इटो-डेविस, कोहेई कुबोटा, वतरू मियाउची, रेओ सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पैटमोर, शोमा सुगाया-स्लेटर, डेक्लान सुजुकी, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा, लाचलान यामामोटो, एलेस्टर कादोवाकी-फ्लेमिंग, जेक कुसुदा-नायरन, त्सुयोशी तकादा.
