T20 WC: वेस्टइंडीज और द. अफ्रीका की टीमों की कमर्शियल फ्लाइट से वापसी, ICC ने की व्यवस्था

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत में फंसी वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के खिलाड़ियों की वापसी के लिए अलग-अलग व्यावसायिक उड़ानों में बुकिंग कराई है। कोलकाता से उड़ान भरने वाली उनकी प्रस्तावित चार्टर्ड फ्लाइट रद्द हो जाने के बाद यह व्यवस्था की गई। मामले की जानकारी रखने वाले आईसीसी के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों की अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट में बुकिंग कर दी गई है। सभी की एक ही विमान में सीट मिलना संभव नहीं था, लेकिन आईसीसी ने हर खिलाड़ी की व्यक्तिगत बुकिंग का ध्यान रखा है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने खुद इस मामले में बात की है और खिलाड़ियों को सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिलाया है।’ सूत्र ने यह भी बताया कि वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी सोमवार रात अपने देश के लिए रवाना हो चुके हैं।

Leave a Comment