T20 World Cup: बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान?

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की जिद ने उन्हें आखिरकार टी20 विश्व कप 2026 में खेलने से वंचित कर दिया। शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बोर्ड के सभी सदस्यों को बांग्लादेश को बाहर करने और स्कॉटलैंड को शामिल करने की जानकारी दे दी। खेल की वैश्विक संस्था के इस फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाय-तौबा मचाना शुरू कर दिया। पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने एक तरफ आईसीसी पर बांग्लादेश मामले में पक्षपात का आरोप लगाया तो दूसरी तरफ यह भी संकेत दिया कि पाकिस्तान भी आगामी विश्व कप से बाहर हो सकता है।

आईसीसी के फैसले के बाद पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा कि अंतिम निर्णय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा के बाद लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘विश्व कप में हिस्सा लेने के बारे में हमारा रुख वही होगा जो पाकिस्तान सरकार हमें बताएगी। प्रधानमंत्री अभी पाकिस्तान में नहीं हैं। जब वह वापस आएंगे, तो मैं आपको हमारा आखिरी फैसला बता पाऊंगा। यह सरकार का फैसला है। हम उनकी बात मानते हैं, आईसीसी की नहीं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर पाकिस्तान की सरकार कहती है कि हमें नहीं खेलना चाहिए, तो हो सकता है कि आईसीसी (स्कॉटलैंड के बाद) 22वीं टीम ले आए। यह सरकार पर निर्भर करता है।’ बता दें कि, पाकिस्तान को अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार टीम 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ टूर्नामेंट का पहला मैच खेलेगी।