अक्सर अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य एक बार फिर चर्चा में हैं. कुशीनगर में उन्होंने बाबा बागेश्वर पर बयान देते हुए कहा कि बाबा बागेश्वर एक “ढोंगी, अराजक तत्व और संविधान द्रोही” हैं. मौर्य ने कहा कि जिस व्यक्ति को जेल की सलाखों में होना चाहिए, उसका भाजपा महिमामंडन करवा रही है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाबा बागेश्वर की यात्रा के पीछे भाजपा की भूमिका है. मौर्य ने कहा, “हिंदू राष्ट्र की मांग करना देश के साथ गद्दारी और मक्कारी है. ऐसे गद्दारों को जेल में होना चाहिए, लेकिन भाजपा उन पर मेहरबान है, इसीलिए गद्दारों की यात्रा करवा रही है.” स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा वह इस यात्रा की घोर निंदा करते हैं. वहीं, मुजफ्फरनगर में छात्र के आत्मदाह के सवाल पर मौर्य ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि भाजपा अब अराजकता का पर्याय बन चुकी है और प्रदेश में जंगलराज कायम है. लोग सरकार की गलत नीतियों और फैसलों का शिकार बन रहे हैं. मौर्य ने कहा कि सरकार की नाकामी से आज छात्र-छात्राएं आत्महत्या करने को मजबूर हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है.
