नेपाल में सरकार विरोधी व्यापक विरोध प्रदर्शनों के चलते प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद अभी तक देश में अंतरिम नेता का चुनाव नहीं हो पाया है। हालांकि, अब लग रहा है कि इस राजनीतिक संकट का जल्द समाधान निकल सकता है। शीर्ष सूत्रों का कहना है कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के अंतरिम प्रधानमंत्री बनने की संभावना सबसे ज्यादा है और जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है। संकटकाल में देश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व संभालने के जिन नामों की चर्चा हो रही है, उनमें नेपाल बिजली बोर्ड के पूर्व चेयरमैन कुलमन घीसिंग भी हैं।
न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि नेपाल में अंतरिम सरकार के मुखिया के चयन को लेकर गतिरोध सुलझाने के लिए उच्च स्तरीय बैठक हुई है। इस बीच नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने गुरुवार को देशवासियों से शांति की अपील की और कहा कि उनका लक्ष्य संवैधानिक ढांचे के भीतर राजनीतिक संकट का समाधान ढूढ़ना है।
