महिलाओं पर विवादित बयान के बाद सुनील शेट्टी का खुलासा

बॉलीवुड के ‘अन्ना’ यानी सुनील शेट्टी हाल के दिनों में अपने बयानों के चलते सुर्खियों में आ गए हैं। जहां एक तरफ वो सोशल मीडिया और इंटरव्यूज में मुखर होकर अपने विचार रखते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी बेटी और अभिनेत्री अथिया शेट्टी उनके बयानों को लेकर अक्सर नाराज होती हैं। अब कुछ ऐसा ही देखने को मिला है, जिसके बारे में खुद सुनील ने बताया है। ‘जूम’ के साथ एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने खुलासा किया कि अथिया उनकी हर बातचीत पर बारीकी से नजर रखती हैं और कई बार उन्हें डांट भी देती हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘जब भी मैं कोई इंटरव्यू देता हूं और कुछ ऐसा कह देता हूं जो लोगों को गलत लगे, तो सबसे पहले घर पहुंचते ही अथिया की फटकार सुनने को मिलती है। वो कहती है – ‘पापा, चुप रहिए ना! आपको बस नो कमेंट कहना था।’ सुनील का कहना है कि प्रमोशन के दौरान वो कोशिश करते हैं कि विवादास्पद सवालों से बचें, लेकिन कभी-कभी भावनाओं में बहकर बोल जाते हैं और फिर नतीजा भुगतना पड़ता है। वो मानते हैं कि अथिया ही इकलौती हैं जिनसे वो सच में डरते हैं। उन्होंने कहा, ‘बेटी का डर बड़ा प्यारा होता है।’