स्टीव स्मिथ का बल्ला भले नहीं चला, कैच लेने में राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से मेलबर्न में एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट शुरू हुआ। पैट कमिंस को आराम दिया गया है और स्टीव स्मिथ टीम की कप्तानी कर रहे हैं। तबीयत खराब होने की वजह से वह सीरीज का तीसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे। स्मिथ के लिए मैदान पर वापसी कुछ खास नहीं रही। वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि फील्डिंग में उन्होंने कमाल किया और राहुल द्रविड़ को पछाड़ दिया। स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड की पहली पारी में जैक क्राउली और बेन स्टोक्स का कैच लपका। पहला कैच पकड़ते ही उन्होंने सबसे ज्यादा कैच पकड़ने के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। स्टीव स्मिथ के टेस्ट मैचों में अब 212 कैच हो गए हैं। राहुल द्रविड़ ने 210 कैच लिए थे। टेस्ट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर की लिस्ट में स्टीव स्मिथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं। स्मिथ से आगे सिर्फ जो रूट हैं जिनके टेस्ट में 214 कैच हैं। स्मिथ ने अभी तक 122 ही टेस्ट खेले हैं तो वहीं जो रूट 162वां टेस्ट खेल रहे हैं।