सीतापुर:मेला मैदान स्थित मिनी नलकूप एक माह से बंद, बाजार आने वाले हजारों लोग परेशान_

* मिश्रिख, सीतापुर। नगर पालिका परिषद मिश्रिख द्वारा मेला मैदान के पास स्थापित मिनी नलकूप पिछले लगभग एक माह से बंद पड़ा है। नलकूप से न तो ठंडा पानी मिल रहा है और न ही सामान्य पानी की आपूर्ति हो रही है। बताया जा रहा है कि बोरवेल में खराबी आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है।स्थानीय लोगों के अनुसार इस संबंध में कई बार नगर पालिका प्रशासन को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत का कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है। मेला मैदान क्षेत्र में सप्ताह में दो दिन, रविवार और बृहस्पतिवार को सब्जी मंडी का बाजार लगता है, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान अपनी ताजी सब्जियां बेचने आते हैं। साथ ही हजारों की संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।पानी की व्यवस्था ठप होने से बाजार में आने वाले किसानों, व्यापारियों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल की सुविधा न होने से लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मिनी नलकूप की खराबी को शीघ्र दूर कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि ठंडा पानी न सही, कम से कम सामान्य पेयजल की व्यवस्था तो उपलब्ध होनी चाहिए।

Leave a Comment