प्रशांत किशोर को झटका, इस कद्दावर नेता ने जन सुराज को छोड़ा, थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक तरफ फिर से मैदान में उतरकर जहां लोगों के बीच जा रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर पार्टी के नेता ही दूर हो रहे हैं. प्रशांत किशोर को एक बड़ा झटका लगा है. पार्टी से जुड़े नेता शंकर स्वरूप राम ने प्रशांत किशोर को टाटा-बाय-बाय कर दिया है.

सोमवार (23 फरवरी, 2026) को पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (सदाकत आश्रम) में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम के समक्ष जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता शंकर स्वरूप राम अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए. पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास की “घर वापसी” बताया.

शंकर स्वरूप राम कांग्रेस के पूर्व सांसद स्व. रामस्वरूप राम के पुत्र हैं. पिछले (2025) विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी से मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार रहे थे. वे गया जिले से आते हैं और लंबे समय से सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं. कांग्रेस में शामिल होते हुए शंकर स्वरूप राम ने कहा, “मैं हमेशा से कांग्रेसी रहा हूं. हमारी सोच और विचारधारा कांग्रेस पार्टी जैसी है और आगे भी भविष्य में कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा.”

Leave a Comment