फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2026 पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अघोषित विद्युत कटौती तथा बिना भौतिक जांच किए उपभोक्ताओं के बिजली लोड बढ़ाने और कथित अनावश्यक वसूली के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पूर्व सूचना होने के बावजूद अधीक्षण अभियंता कार्यालय में मौजूद नहीं रहे, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। आक्रोशित लोगों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर ज्ञापन चस्पा कर अपना विरोध दर्ज कराया।
भईयन मिश्रा ने कहा कि बिजली विभाग बिना उपभोक्ताओं के घरों का सर्वे किए मनमाने तरीके से 2 किलोवाट के कनेक्शन को 3 या 4 किलोवाट में परिवर्तित कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी वृद्धि हो रही है। उन्होंने मांग की कि किसी भी उपभोक्ता का लोड बढ़ाने से पहले घर-घर सर्वे कराया जाए और कार्यालय में बैठकर मनमाने निर्णय लेकर जनता पर आर्थिक बोझ न डाला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह व्यवस्था बंद नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान अधिशासी अभियंता (शहर) बृजभान सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि लाइन शिफ्टिंग के लिए की जा रही घोषित विद्युत कटौती फिलहाल बंद कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लाइन शिफ्टिंग का कार्य अब अक्टूबर या नवंबर माह में कराया जाएगा, ताकि भीषण गर्मी के दौरान उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पांडे उर्फ कोमल ने कहा कि बिजली विभाग का रवैया जनता के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां अधिक लोड नहीं है, उनके भी बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ाकर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने इसे उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण की नई व्यवस्था बताते हुए तत्काल बंद करने की मांग की।
वहीं निषाद सभा के जिला अध्यक्ष अनिल कश्यप ने कहा कि गरीब उपभोक्ताओं के साथ बिजली विभाग का व्यवहार संतोषजनक नहीं है। अधिकारियों को अपना रवैया सुधारना चाहिए और आम जनता की समस्याओं का सम्मानपूर्वक समाधान करना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत की, जिनका अधिशासी अभियंता द्वारा परीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से निशित दुबे उर्फ निशु, राजा मिश्रा, राजीव वर्मा, पंकज राठौर, राजीव पाल, आलोक मिश्रा भूरे, अभिषेक श्रीवास्तव, विष्णु मिश्रा (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल), आयुष सक्सेना एडवोकेट, अमल परिहार एडवोकेट, अनुज तिवारी एडवोकेट, केके द्विवेदी उर्फ बंटू, शनि बाथम, सौरभ शुक्ला, रजत वर्मा, आकाश चतुर्वेदी, शिवलू खान, अनंत राम श्रीवास्तव, कुलदीप दीक्षित, अजय मिश्रा, नीतीश पांडे, राहुल दीक्षित गुड्डा एडवोकेट, आशू मिश्रा, नीरज यादव, सचिन पांडे, अशफाक खान, आफताब खान, शिव शंकर मिश्रा, समीर खान, रेहान खान, ईशान कुमार, अनीश खान, मलखान सिंह राजपूत, रामबरन शाक्य, गुड्डू राजपूत, शाहिद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
