फर्रुखाबाद के होनहार बच्चों ने अहमदाबाद स्पेस सेंटर का किया भ्रमण, विज्ञान में बढ़ाया ज्ञान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मार्च 2026 जनपद के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, फर्रुखाबाद द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत चयनित बच्चों को राज्य के बाहर एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया।

बताया गया कि 13 फरवरी 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का चयन किया गया था। इस प्रतियोगिता में कक्षा 8 की छात्रा मानसी (कम्पोजिट विद्यालय वीरपुर, विकास खंड मोहम्मदाबाद) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 8 के छात्र अनिकेत (उच्च प्राथमिक विद्यालय बेला सराय गजा, विकास खंड शमसाबाद) ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

राज्य परियोजना कार्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार इन चयनित छात्रों को 23 मार्च से 27 मार्च 2026 तक गुजरात के गांधीनगर-अहमदाबाद स्थित स्पेस सेंटर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं और आधुनिक तकनीकों को नजदीक से समझा।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने वायुयान से यात्रा कर एक नया अनुभव भी प्राप्त किया, जिससे उनका आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम में कानपुर मंडल के सभी जनपदों से दो-दो छात्रों ने भाग लिया।

27 मार्च 2026 को सभी छात्र सकुशल वापस लौट आए। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।