फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, बैंक एवं धारा 138 एनआई एक्ट मामलों के निष्पादन पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 फरवरी 2026 आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) मामलों के प्रभावी निस्तारण हेतु एडीआर भवन में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।

बैठक श्री नीरज कुमार, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के निर्देशन में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन न्यायाधीश/सचिव श्रीमती प्रियंका गांधी द्वारा किया गया। अध्यक्ष महोदय ने निर्देश दिए कि लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किया जाए, जिससे आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सुलभ न्याय सुनिश्चित हो सके। साथ ही, चिन्हित मामलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक धारा 138 एनआई एक्ट के 12 मामले तथा लघु आपराधिक प्रकृति के 687 मामले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किए जा चुके हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित पक्षों से संपर्क कर अधिकतम मामलों को लोक अदालत में शामिल कराया जाए।

बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र कुमार, सिविल जज व०प्र०/एफटीसी श्री युगुल शम्भू, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जयवीर सिंह, सिविल जज व०प्र०/एफटीसी श्री आकाश गुप्ता, जेएम सदर श्रीमती ओमश्री चौरसिया सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी समझौते के माध्यम से वादों का त्वरित, सस्ता एवं प्रभावी निस्तारण कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों का समाधान कर न्यायिक लाभ प्राप्त करें।