प्रयागराज: दिनांक- 23.08.2026, आगामी त्योहारों, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त ने रिजर्व पुलिस लाइन्स के त्रिवेणी सभागार में गोष्ठी आहूत कर की विस्तृत समीक्षा

जुलूस मार्गों के भौतिक निरीक्षण, संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी पुलिस प्रबंध, CCTV एवं सोशल मीडिया की सतत् निगरानी के निर्देश

बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, फुट पेट्रोलिंग एवं त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स पर विशेष जोर

जनसुनवाई, महिला सुरक्षा, ई-साक्ष्य, लंबित विवेचनाओं तथा वांछित/वारंटी अभियुक्तों एवं हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

      आज दिनांक 23.08.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन प्रयागराज स्थित त्रिवेणी सभागार में पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। गोष्ठी में कमिश्नरेट प्रयागराज के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं संबंधित शाखा प्रभारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष Google Meet के माध्यम से गोष्ठी से जुड़े। पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया द्वारा आगामी रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं बारावफात सहित अन्य महत्वपूर्ण अवसरों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस प्रबंधन, जनसुनवाई, महिला सुरक्षा, ई-साक्ष्य, लंबित विवेचनाओं एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए-

बारावफात एवं जुलूसों के संबंध में
•समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूसों के सम्पूर्ण मार्ग का स्वयं भौतिक निरीक्षण कर लें तथा संभावित समस्याओं को पूर्व से चिह्नित कर उनका समय से समाधान सुनिश्चित कराएं।
•जुलूस आयोजकों, अंजुमन कमेटियों एवं संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के साथ सहायक पुलिस आयुक्त/थाना प्रभारी गोष्ठी कर संवाद एवं समन्वय स्थापित करें ।
•थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों के टेंट वेन्डर/ किराये पर देने वाले डीजे/लाउडस्पीकर संचालकों से वार्ता कर लें त्योहारों के दौरान उपयोग किये जाने लाउडस्पीकर की ध्वनि निर्धारित डेसीबल से अधिक ना हो ।
•मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं जुलूस मार्ग के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष सतर्कता रखते हुए पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किया जाए।
•असामाजिक एवं शरारती तत्वों की गतिविधियों पर पूर्व से सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी व्यक्ति को सौहार्दपूर्ण वातावरण प्रभावित करने का अवसर न दिया जाए।
•जुलूस मार्ग पर आवश्यकतानुसार पुलिस पिकेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा ड्यूटी में लगाए जाने वाले समस्त पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों के संबंध में भली-भांति ब्रीफ किया जाए।
•महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता का पूर्व में परीक्षण कर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
•थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों में गतिशील रहकर यह सुनिश्चित् करें कि कहीं पर भी प्रतिकूल/आपत्तिजनक पोस्टर इत्यादि ना लगे हों ।
•सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत निगरानी की जाए। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा माहौल प्रभावित करने वाली पोस्ट/सामग्री का तत्काल संज्ञान लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

रक्षाबंधन के दृष्टिगत बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा
•रक्षाबंधन के अवसर पर प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए।
•महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर चेन स्नैचिंग एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
•प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों एवं महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का स्वयं पर्यवेक्षण करें।
•प्रमुख बाजारों एवं आवागमन मार्गों पर यातायात सुचारु रखा जाए तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
•सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
•बाजारों, पार्कों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग बढ़ाकर पुलिस की प्रभावी दृश्यता सुनिश्चित की जाए।
•UP-112 की उपलब्धता एवं त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था को प्रभावी रखा जाए तथा संबंधित वाहनों को आवश्यकतानुसार सक्रिय भ्रमणशील रखा जाए।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के संबंध में
•श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का समय से निरीक्षण करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध पूर्ण कर लिए जाएं।
•महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों/आवागमन के मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगायी जाये एवं शौहार्दपूर्ण/ शालीनता के साथ त्योहार मनाया जाये ।
•आयोजन समितियों एवं संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों से समय से वार्ता कर कार्यक्रम का समय, मार्ग, संभावित भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में समुचित समन्वय स्थापित किया जाए।
•आयोजकों को सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था
•बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल की ड्यूटी लगाकर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
•बाढ़ से प्रभावित नागरिकों एवं राहत/आश्रय स्थलों पर रह रहे लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
•राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान संबंधित प्रशासनिक विभागों के साथ प्रभावी समन्वय रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए।
•बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए आवश्यकता पड़ने पर नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

यातायात व्यवस्था
•प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी प्राइवेट वाहन पर अनाधिकृत हूटर/सायरन ना लगा हो इस सम्बन्ध में उनके थाना क्षेत्र में स्थित कार एसेसरीज के सप्लायर्स से सम्पर्क कर यह सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा किसी भी प्राइवेट वाहन में अनाधिकृत रूप से हूटर/ सायरन ना लगाया जाये।
•वाहनों पर अनधिकृत हूटर/सायरन एवं अन्य अवैध उपकरणों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
•प्राइवेट बस व ई-रिक्शा चालकों आदि का सत्यापन सुनिश्चित करते हुए, ई-रिक्शे पर मालिक/ड्राइवर का नाम व मोबाइल नम्बर अंकित किया जाये ।
•थाना प्रभारी यह सुनिश्चित् करेंगे कि उनके थाना क्षेत्र में आवागमन के मार्गों पर अवैध अतिक्रमण ना होने पाये सड़क पर दुकान लगाकर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाये ।

जनसुनवाई एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
•थाना एवं कार्यालय स्तर पर प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
•सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
•महिलाओं से संबंधित शिकायतों एवं महिला अपराध के प्रकरणों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
•मिशन शक्ति एवं महिला हेल्प डेस्क के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
•पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं नौकरी/सेवा से संबंधित सत्यापन प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा निर्धारित समयावधि में सत्यापन की कार्रवाई पूर्ण की जाए।

ई-साक्ष्य एवं विवेचनाओं की समीक्षा
•घटनास्थल पर पहुंचने वाले विवेचकों/पुलिस अधिकारियों द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाए।
•घटनास्थल की वीडियोग्राफी/रिकॉर्डिंग एवं डिजिटल साक्ष्यों के संकलन में गुणवत्ता एवं निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए।
•ई-साक्ष्य से संबंधित आवश्यक कार्यवाही एवं प्रविष्टियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।
•60 व 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की कार्रवाई की जाए।
•विवेचनाओं से संबंधित आवश्यक ऑनलाइन/पोर्टल प्रविष्टियां एवं अपलोड की कार्यवाही समय से पूर्ण की जाए।

अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के सत्यापन के संबंध में
•वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
•अपराध एवं कानून-व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण/चिह्नित व्यक्तियों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए।
•आवश्यकता के अनुसार आपराधिक एवं असामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
•हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों एवं मौजूदगी के संबंध में अद्यतन जानकारी रखी जाए।
•थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग, स्थानीय सूचना तंत्र एवं प्रभावी पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय एवं सुदृढ़ बनाएं।

पुलिस आयुक्त द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी सभी तैयारियां समय से पूर्ण करते हुए उनका स्वयं प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखी जाए तथा आयोजकों, संभ्रांत नागरिकों एवं आमजन से निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराया जाए।

द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858

Leave a Comment