60 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने दर्ज किया राज कुंद्रा का बयान

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने 60 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने उन्हें समन भेजा था। उन्हें 15 सितंबर को पूछताछ के लिए पेश होने के लिए कहा गया था। इससे पहले राज कुंद्रा को 10 सितंबर को पेश होना था। हालांकि उन्होंने पेशी के लिए और वक्त मांगा था। ईओडब्ल्यू ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था, ताकि दोनों की यात्रा का विवरण मिल सके।
ईओडब्ल्यू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की थी कि राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के ऑडिटर को भी पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था। शिकायतकर्ता दीपक कोठारी के वकील जैन श्रॉफ ने कहा कि उनके मुवक्किल ने सबूतों के साथ पैसे निवेश किए थे। कंपनी ने उन्हें गुमराह किया। इसके उलट शिल्पा शेट्टी के वकील प्रशांत पाटिल ने इल्जामों को खारिज किया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता खुद कंपनी में पार्टनर थे। उनके बेटे को डायरेक्टर बनाया गया था। अगर कंपनी को फायदा होता तो दोनों में बांटा जाता।

दरअसल, कुंद्रा के खिलाफ मुंबई के जुहू पुलिस थाने में केस दर्ज कराया गया था। लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज के डायरेक्टर का कहना है कि 2015 से 2023 के बीच उन्होंने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड में 60.48 करोड़ रुपये लगाए थे। उनका इल्जाम है कि शिल्पा और राज ने इस पैसे को कंपनी में लगाने के बजाए खुद खर्च कर लिए।