Friday, 30 October 2026 | 5:48 PM
उत्तर प्रदेश

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन को डिजिटल रूप देने की तैयारी, जल्द लॉन्च होगी वेबसाइट

मिश्रिख, सीतापुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई सीतापुर के तत्वावधान में बुधवार को मेला मैदान स्थित विद्येन्द्र गेस्ट हाउस, मिश्रिख में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
Share:
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन को डिजिटल रूप देने की तैयारी, जल्द लॉन्च होगी वेबसाइट
मिश्रिख, सीतापुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई सीतापुर के तत्वावधान में बुधवार को मेला मैदान स्थित विद्येन्द्र गेस्ट हाउस, मिश्रिख में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पत्रकारों के हितों की रक्षा, आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों, नई तकनीक के उपयोग तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ मंडल अध्यक्ष संजय कुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीतापुर नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि मुनेंद्र अवस्थी उपस्थित रहे। वहीं, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई सीतापुर के संरक्षक यतींद्र अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष सुदीप मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का संगठन विभिन्न राज्यों और जनपदों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। कर्नाटक, राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों में संगठन की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। उन्होंने संगठन के विस्तार और पत्रकारों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जल्द ही अपनी वेबसाइट भी लॉन्च की जा रही है। इसके शुरू होने से संगठन की कार्यप्रणाली को डिजिटल माध्यम से संचालित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा और संगठन से जुड़ी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने में मदद मिलेगी। इससे संगठन की गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में लखनऊ मंडल उपाध्यक्ष विजयलक्ष्मी सिंह ने भी पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में पत्रकारों को समय के साथ अपनी कार्यशैली में बदलाव लाने और नई-नई तकनीकों की जानकारी हासिल करने की आवश्यकता है। उन्होंने आधुनिक डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा बदलते मीडिया परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के संबंध में जानकारी दी।
बैठक में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने, उनके हितों की रक्षा करने तथा संगठन में आपसी एकता और सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। उपस्थित पत्रकारों ने भी पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप और संगठन की भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र श्रीवास्तव, रामकरण कुशवाहा, ज्ञानेंद्र मौर्य, मनीष मौर्य, अमरेंद्र सिंह चौहान, सुनील आनंद, संजय दीक्षित, शुभम शुक्ला,रवि शंकर, राज बहादुर मौर्य ,रजनीश मिश्रा , राजेश मिश्रा , एडवोकेट विनीत तिवारी सहित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई सीतापुर के अनेक पदाधिकारी एवं सम्मानित पत्रकार मौजूद रहे।
बैठक में संगठन की एकजुटता बनाए रखने, पत्रकारों के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।