पीलीभीत :जिलाधिकारी द्वारा खुला आश्रय गृह का किया गया औचक निरीक्षण।

पीलीभीत जिलाधिकारी श्री पुलकित खरे द्वारा आज गोदावरी स्टेट में स्थिति खुला आश्रय गृह का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खुला आश्रय गृह की परियोजना समन्वयक अनामिका मिश्रा द्वारा अवगत कराया गया कि माॅ काली सेवा संस्थान एनजीओ के अन्तर्गत संचालित किया जा रहा है जिसके संचालक संजय सिंह है और वर्तमान में 25 बच्चे खुला आश्रय गृह में आते हैं तथा एनजीओ द्वारा 08 लोगों को देखरेख हेतु नामित किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा संचालिका से बच्चों को प्रतिदिन उपलब्ध कराये जा रहे भोजन, पुस्तकें व स्टेशनरी की सामाग्री के सम्बन्ध में पूछे जाने पर संतोषजनक जबाब नही दिया गया तथा प्रतिदिन सुबह दोहपर शाम को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामाग्री के बारे में संतोषजनक जबाव न दे सकी। निरीक्षण के दौरान उपरोक्त से सम्बन्धित व्यय रजिस्टर व बिल वाउचर मांगे जाने पर परियोजना समन्वयक द्वारा उपलब्ध नही कराया जा सका। खुला आश्रय गृह में बच्चों को घर से आने व जाने की व्यवस्था के सम्बन्ध परियोजना समन्वयक द्वारा अवगत कराया गया कि बच्चे प्रतिदिन पैदल या अपने संसाधनों से आश्रय गृह आते हैं और शाम 05ः00 बजे अपने घर वापस चले जाते हैं।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा बच्चों से सुबह के नाश्ते में उपलब्ध कराई खाद्य सामाग्री के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। आश्रय गृह में बच्चों के शिक्षण कार्य के सम्बन्ध में जानकारी ली गई तथा बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पुस्तकें व अन्य सामाग्री के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान संचालिका को निर्देशित किया गया कि विगत तीन माह में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाऐं व व्यय की जा रही धनराशि का विवरण तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

रिपोर्ट :रामगोपाल कुशवाहा पीलीभीत