पीलीभीत: वृक्षारोपण सम्बन्धी समस्त तैयारियां कर ली जाए पूर्ण-जिलाधिकारी

पीलीभीत/ जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान के तहत 09 जुलाई को नोडल अधिकारी के रूप में आयुक्त बरेली मण्डल बरेली सौम्या अग्रवाल तथा मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें, उ0प्र0, संजय सिंह गंगवार अभियान में प्रतिभाग करेगें। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद का लक्ष्य बढकर 39 लाख 50 हजार 200 हो गया है, लक्ष्य के सापेक्ष पौधारोपण की कार्यवाही के लिए आवश्यक तैयारियॉ पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने समस्त विभागों की समीक्षा करते हुए उन्हें नये लक्ष्यों की जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम को जन आंदोलन बनाये जाने हेतु जनसहभागिता प्राप्त करने हेतु सभी सरकारी/गैर सरकारी संस्थानों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियो आदि को वृक्षारोपण कार्यक्रम हेतु प्रेरित किया जाये। उन्होंने किसानों को शीशम, सागौन व औषधियें पौधे जैसे अर्जुन, सहजन, आंवला आदि पौधों को लगाये जाने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अवसरों पर उपहार में पौधा देने की परम्परा को विकसित किया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 01 से 07 जुलाई के बीच वन महोत्सव के दौरान पैदा होने वाले बच्चों को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट और एक पौधा देने का फैसला लिया है। यह पहल नवजात के जीवन को खुशहाल बनाने, प्रदेश में हरियाली बढ़ाने और परिवारों को पेड़ लगाने व संरक्षित करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), डीएफओ, एआरटीओ, डीसी मनरेगा, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।