महिला वर्ल्ड कप 2025 में पाकिस्तान टीम की घनघोर बेइज्जती हो गई है. उसे पूरे टूर्नामेंट में एक भी जीत नहीं मिली. पाकिस्तान पूरे वर्ल्ड कप में इकलौती टीम रही जो एक भी मैच नहीं जीत पाई. हालांकि वो अभी टेबल में सबसे निचले स्थान पर नहीं है. टेबल में सबसे नीचे बांग्लादेश है, जिसने अभी तक टूर्नामेंट में एक मैच जीता है.
पाकिस्तान टीम के वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के हाथों 7 विकेट की चौंकाने वाली हार से हुई थी. उसके बाद भारतीय टीम ने उसे 88 रनों से रौंद डाला था. पाक टीम उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 107 रन और दक्षिण अफ्रीका के हाथों 150 रनों की बड़ी हार का शिकार बन चुकी है.
पाकिस्तान टीम चाहे वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं जीत पाई, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उसने सारे मैच हारे हैं. दरअसल उसके तीन मैच बारिश की भेंट चढ़ गए थे, इसलिए उसके टेबल में 3 अंक हैं. यही कारण है कि वो टेबल में बांग्लादेश से ऊपर है. अब पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया है, जिसमें सिर्फ 4.2 ओवरों का खेल हो पाया.
